रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जन शिकायतों और लंबित प्रकरणों की प्रगति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का तय समय सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
पीजी पोर्टल और हेल्पलाइन शिकायतों की हुई समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने पीजी पोर्टल, कलेक्टर कॉल सेंटर, मुख्यमंत्री जनदर्शन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली।
प्रोजेक्ट समन्वय से जुड़े कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना और ड्रोन सर्वे पर फोकस
प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी गांवों में योजना का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रोन सर्वे से जुड़े लंबित प्रकरणों का भी जल्द समाधान करने को कहा।
इसके साथ ही किसानों की बकेटिंग प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
आयुष्मान कार्ड और पीएम किसान योजना की समीक्षा
कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड निर्माण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बैंक खाता सुधार की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए समय पर लक्ष्य पूरा करें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



