Accident

ब्लू वाटर खदान में युवक के डूबने का LIVE VIDEO, दोस्तों से लगी थी तैरकर पार जाने की शर्त; 20 घंटे से रेस्क्यू जारी

राजधानी रायपुर के ब्लू वाटर खदान में 24 वर्षीय युवक के डूबने का लाइव वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर पहुंचने की शर्त लग गई। शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में पहुंचने के बाद डूब गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है और करीब 20 घंटे से SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। घटना का सामने आया वीडियो बेहद चिंताजनक है, जिसमें आदिल पानी में डूबता हुआ दिखाई दे रहा है। दोस्तों ने उसे डूबते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम से संपर्क किया गया। हालांकि, घटना के समय अंधेरा हो चुका था और खदान में पानी की गहराई काफी अधिक होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। गुरुवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा युवक की तलाश शुरू की, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण अभी तक सफलता नहीं मिली है। 9 साल में 9 लोगों की मौत नकटी गांव के पास स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 2017 से अब तक यहां 9 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। आदिल का शव मिलने के बाद यह आंकड़ा 10 तक पहुंच सकता है। 31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 छात्र स्कूल से निकलकर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में बरामद किए गए थे। इससे पहले 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवकों और जून 2023 में नदीम, फैजल और शहबाज की डूबने से मौत की घटनाएं सामने आई थीं। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बारिश के मौसम में खदान में पानी भरने के बाद यह जगह तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। इसी वजह से लोग यहां घूमने और नहाने पहुंचते हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद खदान के खतरनाक हिस्सों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड जैसे सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

ब्लू वाटर खदान में युवक के डूबने का LIVE VIDEO, दोस्तों से लगी थी तैरकर पार जाने की शर्त; 20 घंटे से रेस्क्यू जारी Read Post »

Accident, Raipur

रायपुर के APL थर्मल पावर प्लांट में क्रेन हादसा, बॉयलर एरिया में गिरी मशीन; एक कर्मचारी घायल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित APL थर्मल पावर प्लांट में गुरुवार को बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया। प्लांट के बॉयलर एरिया में काम के दौरान अचानक एक क्रेन गिर गई। हादसे में एक कर्मचारी घायल हो गया, जिसे तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल कर्मचारी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना 6 अगस्त की सुबह करीब 11:42 बजे APL रायपुर के बॉयलर क्षेत्र में हुई। क्रेन गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल कर्मचारी को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा। वहीं, बाकी कर्मचारियों को सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकाल लिया गया। सुरक्षा के लिए क्षेत्र को किया गया सील हादसे के बाद बड़ी संख्या में श्रमिक घटनास्थल पर पहुंच गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दुर्घटनास्थल को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया और वहां आवाजाही रोक दी गई। क्रेन गिरने से हुए तकनीकी नुकसान और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रही है। हादसे की वजह की जांच जारी APL प्रबंधन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि क्रेन गिरने की असली वजह क्या थी। फिलहाल प्लांट में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।

रायपुर के APL थर्मल पावर प्लांट में क्रेन हादसा, बॉयलर एरिया में गिरी मशीन; एक कर्मचारी घायल Read Post »

Accident, Raipur

रायपुर के बेंद्री डैम में फिर हादसा: नहाने के दौरान युवक डूबा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में एक बार फिर डूबने की घटना सामने आई है। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे उरला निवासी 30 वर्षीय सुधांशु तिवारी अपने तीन दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान सभी डैम में नहाने के लिए उतरे, लेकिन अचानक तीन युवक गहरे पानी की ओर चले गए। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सुधांशु तिवारी पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे उरला थाना पुलिस को मिली। अंधेरा होने की वजह से उसी रात SDRF की टीम रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं कर सकी। सोमवार सुबह 6 बजे से SDRF की टीम लगातार डैम में सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता युवक की तलाश कर रही है। बेंद्री डैम में पिछले सात दिनों के भीतर यह दूसरी डूबने की घटना है। इससे पहले भी एक व्यक्ति की जान डूबने से जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में भी एक ही महीने के दौरान यहां पांच लोगों की डूबने से मौत हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम में पानी काफी गहरा है और कई स्थानों पर तेज बहाव भी रहता है, जिसके कारण यहां बार-बार हादसे होते हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और डैम क्षेत्र में आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने की मांग की है।

रायपुर के बेंद्री डैम में फिर हादसा: नहाने के दौरान युवक डूबा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी Read Post »

Accident, Raipur

चलती बाइक में अचानक भड़की आग, लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रायपुर के कुशालपुर चौक स्थित वॉलफोर्ट सिटी कॉलोनी के सामने रिंग रोड नंबर-1 पर पेट्रोल पंप के पास सोमवार को चलती बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चलती बाइक में अचानक भड़की आग, लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा Read Post »

Accident, Raipur

बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की शराब और सामान जलकर राख

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर स्थित व्यापार विहार की सरकारी शराब दुकान में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ हाईकोर्ट परिसर में तैनात एक अतिरिक्त दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिला अग्निशमन अधिकारी दीपांशु नाथ के अनुसार, रात करीब 2:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस हादसे में दुकान में रखा शराब का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। समय रहते आग को आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त नवनीत तिवारी ने बताया कि दुकान में 80 से 90 ब्रांड की शराब का स्टॉक मौजूद था। फिलहाल स्टाफ स्टॉक का मिलान कर नुकसान का आकलन कर रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। गौरतलब है कि व्यापार विहार क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले माल धक्का इलाके में भी दो बार आग लग चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की शराब और सामान जलकर राख Read Post »

Accident, Bilaspur

रायपुर के भनपुरी में दो अलग-अलग आत्महत्या के मामले, महिला और अधेड़ के शव मिलने से सनसनी

राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित रामेश्वर नगर में रविवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या के दो मामले सामने आए हैं। एक युवक और एक महिला के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ठाकुर राम साहू (55) और दुर्गा साहू (24) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ठाकुर राम साहू का शव मकान की छत पर मिला, जबकि दुर्गा साहू का शव कमरे के अंदर मिला। दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया। फिलहाल दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

रायपुर के भनपुरी में दो अलग-अलग आत्महत्या के मामले, महिला और अधेड़ के शव मिलने से सनसनी Read Post »

Accident, Raipur

बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 7 फीट लोहे का पाइप युवक के पेट को चीरते हुए आरपार निकला

बिलासपुर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरिकेड का करीब 7 फीट लंबा लोहे का पाइप बाइक सवार युवक के पेट में घुसकर आरपार निकल गया। हादसे में बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी भी घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र में सकरी और पेंडारी के बीच मुख्य सड़क पर हुआ। जानकारी के अनुसार, जारहागांव निवासी प्रियांशु ज्ञानिक अपने दोस्तों अब्राहम और वरदान के साथ देर रात बाइक से बिलासपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से जा टकराई। हादसे में प्रियांशु सबसे गंभीर रूप से घायल हुआ। बैरिकेड का लोहे का पाइप उसके पेट में घुस गया और शरीर के आरपार निकल गया। वहीं, बाइक के पीछे बैठे दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। राहगीरों ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया। मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने दो घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजा गया। अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार मानी जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने तहसीलदार को अस्पताल भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 7 फीट लोहे का पाइप युवक के पेट को चीरते हुए आरपार निकला Read Post »

Accident, Bilaspur

BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल, यूपी में ट्रक से टकराई कार; हालत खतरे से बाहर

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार किरण देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर निजी कार्यक्रम के तहत परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटने के दौरान झांसी और ललितपुर के बीच उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। वाहन बचाने के दौरान अनियंत्रित हुई कार प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के समय किरण देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ सुरक्षा कर्मी (PSO) मौजूद थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उनके करीबियों के मुताबिक किरण देव को गंभीर चोट नहीं आई है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन हादसे की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। घटना को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल, यूपी में ट्रक से टकराई कार; हालत खतरे से बाहर Read Post »

Accident, Raipur

रायपुर तेलीबांधा में भीषण आग: ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें खाक, छतों से कूदकर लोगों ने बचाई जान

रायपुर के तेलीबांधा में आग का तांडव, ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें जलकर खाक रायपुर के तेलीबांधा इलाके में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ऑक्टोपस बार के पास स्थित एक हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग कुछ ही देर में आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। इस हादसे में ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें बुरी तरह प्रभावित हुईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए 13 दमकल वाहनों को लगाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, शुरुआती जांच में आग हार्डवेयर दुकान से फैलने की बात सामने आई है। दुकान में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से बढ़ी और आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बारिश के बावजूद आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। बार की छत से कूदकर लोगों ने बचाई जान आग इतनी तेजी से फैली कि ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग जान बचाने के लिए आसपास की छतों से कूदकर बाहर निकले। वहीं पास के होटल में ठहरे लोगों को जैसे ही आग की जानकारी मिली, वे तुरंत बाहर निकल आए। कई लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। बाहर खड़ी गाड़ियां भी जलीं आग की चपेट में आने से हार्डवेयर दुकान के सामने खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पास के भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। चार दुकानों को भारी नुकसान इस अग्निकांड में ऑक्टोपस बार समेत आसपास की तीन अन्य दुकानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और पुलिस की टीम अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

रायपुर तेलीबांधा में भीषण आग: ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें खाक, छतों से कूदकर लोगों ने बचाई जान Read Post »

Accident, Raipur

रायपुर मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के मेडिसिन विभाग स्थित इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग के कारण इमरजेंसी वार्ड में धुआं भर गया, जिसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से अंजाम दिया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में तकनीकी खराबी आने या उसके फटने की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रायपुर मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट Read Post »

Accident, GOVERNMENT, Health, Raipur, State, Top News
Scroll to Top