रायपुर तेलीबांधा में भीषण आग: ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें खाक, छतों से कूदकर लोगों ने बचाई जान

रायपुर के तेलीबांधा में आग का तांडव, ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें जलकर खाक

रायपुर के तेलीबांधा इलाके में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ऑक्टोपस बार के पास स्थित एक हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग कुछ ही देर में आसपास की कई दुकानों तक फैल गई। इस हादसे में ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें बुरी तरह प्रभावित हुईं।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए 13 दमकल वाहनों को लगाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, शुरुआती जांच में आग हार्डवेयर दुकान से फैलने की बात सामने आई है। दुकान में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से बढ़ी और आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया।

तेज बारिश के बावजूद आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

बार की छत से कूदकर लोगों ने बचाई जान

आग इतनी तेजी से फैली कि ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग जान बचाने के लिए आसपास की छतों से कूदकर बाहर निकले।

वहीं पास के होटल में ठहरे लोगों को जैसे ही आग की जानकारी मिली, वे तुरंत बाहर निकल आए। कई लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला।

बाहर खड़ी गाड़ियां भी जलीं

आग की चपेट में आने से हार्डवेयर दुकान के सामने खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

पास के भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

चार दुकानों को भारी नुकसान

इस अग्निकांड में ऑक्टोपस बार समेत आसपास की तीन अन्य दुकानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और पुलिस की टीम अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Scroll to Top