बालोद की कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट बना हादसे की वजह, पैर फिसलने से खाई में गिरा युवक
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट के दौरान एक युवक गंभीर हादसे का शिकार हो गया। पहाड़ी पर फोटो खिंचवाते समय अचानक पैर फिसलने से युवक नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर तीन युवक कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान धीरज यादव नामक युवक फोटो खिंचवाते समय अपना संतुलन खो बैठा और फिसलकर नीचे जा गिरा। गिरने से उसे सिर पर गंभीर चोट लगी और वह घायल अवस्था में वहीं फंस गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम से रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को चिखलाकसा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी, नदी और अन्य जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर फोटो और वीडियो बनाते समय सावधानी बरतें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।
बालोद की कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट बना हादसे की वजह, पैर फिसलने से खाई में गिरा युवक Read Post »
Accident, Balod
