Sarguja

बिश्रामपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, अलग-अलग जगह मिले दोनों के शव; हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर क्षेत्र में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कालीघाट के पास कक्षा 12वीं के छात्र का शव मिलने के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो वहां उसकी मां मृत अवस्था में मिलीं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर के कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले छात्र सुजल बरेठ का शव कालीघाट के पास मिला था। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद छात्र के ममता कॉलोनी स्थित घर पहुंचकर जांच शुरू की। घर में उसकी मां रजनी बरेठ से संपर्क नहीं हो पाने और परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर दरवाजे का ताला तोड़ा गया। अंदर उनकी लाश मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों शवों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रजनी बरेठ ग्राम बेलटिकरी में शासकीय शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया गया है कि वह तलाकशुदा थीं और अपने इकलौते बेटे सुजल के साथ रहती थीं। जांच के दौरान पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वहीं, मृतिका के पूर्व पति से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, घटनास्थल से दूर स्कूटी मिलने की बात भी मामले को कई सवालों से जोड़ रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों, मोबाइल की जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है। मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है? और घटनास्थल से दूर मिली स्कूटी इस मामले में क्या अहम सुराग दे सकती है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है। बाइट: योगेश देवांगन, एडिशनल एसपी, सूरजपुर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बिश्रामपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, अलग-अलग जगह मिले दोनों के शव; हत्या की आशंका Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Sarguja, State, Top News

नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर में धूलभरी आंधी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह अंबिकापुर और सूरजपुर में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में आज धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश में तापमान अब भी काफी ऊंचा बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। दुर्ग 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश के चलते कई जगह पेड़ गिर गए। वहीं बालोद में लगातार चमगादड़ों की मौत के बाद प्रशासन ने पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर झारखंड और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन सिस्टम्स की वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक जब गर्म हवा और नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तो वातावरण अस्थिर हो जाता है। इसी कारण तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश जैसी स्थितियां बनती हैं। रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज गर्मी का असर इंसानों के साथ पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि डॉग्स और कैट्स को दोपहर की तेज धूप से बचाएं, पर्याप्त पानी दें और सुबह या शाम के समय ही बाहर घुमाने ले जाएं।

नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर में धूलभरी आंधी का अलर्ट Read Post »

Ambikapur, Raipur, Sarguja, weather

शादी की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक कूदने की धमकी… नीचे उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक ने पसंद की लड़की से शादी कराने की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। वह मंगलवार सुबह लुंड्रा क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बैठकर कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब चार घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। जिस युवती से शादी की मांग की जा रही थी, उसने साफ तौर पर इनकार कर दिया और युवक पर बेवजह परेशान करने व छेड़छाड़ का आरोप लगाया। युवती ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी परिवार के सामने उसी युवती से शादी की बात रख चुका था, लेकिन लड़की ने किसी भी तरह के प्रेम संबंध से इंकार कर दिया था। इसी नाराजगी में युवक टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे बाद परिजनों ने उसे किसी तरह नीचे उतरने के लिए राजी किया। हालांकि जमीन पर आते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र में थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शादी की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक कूदने की धमकी… नीचे उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार Read Post »

Chhattisgarh, Sarguja, Top News
Scroll to Top