छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक ने पसंद की लड़की से शादी कराने की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। वह मंगलवार सुबह लुंड्रा क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बैठकर कूदने की धमकी देने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब चार घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
जिस युवती से शादी की मांग की जा रही थी, उसने साफ तौर पर इनकार कर दिया और युवक पर बेवजह परेशान करने व छेड़छाड़ का आरोप लगाया। युवती ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।

बताया जा रहा है कि युवक पहले भी परिवार के सामने उसी युवती से शादी की बात रख चुका था, लेकिन लड़की ने किसी भी तरह के प्रेम संबंध से इंकार कर दिया था। इसी नाराजगी में युवक टावर पर चढ़ गया।
करीब चार घंटे बाद परिजनों ने उसे किसी तरह नीचे उतरने के लिए राजी किया। हालांकि जमीन पर आते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र में थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

