रायपुर ग्रामीण पुलिस का विशेष अभियान: 600 से अधिक किरायेदारों का सत्यापन, 6 संदिग्धों से पूछताछ
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने क्षेत्र में अवैध प्रवासियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 600 से अधिक किरायेदारों के दस्तावेजों की जांच की गई, जबकि 6 संदिग्ध व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में थाना सिलतरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले श्रमिकों, किरायेदारों तथा अन्य राज्यों से आकर निवास और कार्य कर रहे लोगों के पहचान पत्रों और दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही आवश्यक जानकारी एकत्र कर उनका सत्यापन किया गया। विशेष जांच के दौरान सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में लगभग 600 किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान मकान मालिकों और प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर कमरा या आवास उपलब्ध न कराएं। साथ ही बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया। जांच के दौरान 6 संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष तस्दीक की गई। उनसे पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई है और मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध प्रवासियों एवं किरायेदारों का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल रायपुर ग्रामीण पुलिस के टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


