August 2025

बिरगांव का आज़ाद चौक बना हंगामे का केंद्र, युवक डीजे पर चढ़कर तलवार लहराए

रायपुर। बिरगांव के आज़ाद चौक में गणेशोत्सव के दौरान रविवार रात माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक डीजे पर चढ़कर फिल्मी गाना “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” बजवाते हुए तलवार लहराने लगे। यही नहीं, उन्होंने इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर “बिहारी खलनायक” कैप्शन के साथ पोस्ट भी किया। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व जैसे मौके पर ऐसी हरकतें न केवल त्योहार की पवित्रता को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलाती हैं। पुलिस की कार्रवाईमामले की खबर लगते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलवार को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपित युवकों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोगों की मांगनिवासियों ने कहा कि बिरगांव क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने वालों पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

बिरगांव का आज़ाद चौक बना हंगामे का केंद्र, युवक डीजे पर चढ़कर तलवार लहराए Read Post »

Birgaon, Chhattisgarh, Crime, Raipur

मेटल पार्क रोड बना हादसों का गढ़, स्ट्रीट लाइट बंद होने से बढ़ रहा खतरा

रायपुर। राजधानी रायपुर का मेटल पार्क इलाका, जो बिलासपुर हाइवे को उरला औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ता है, बदहाल सड़कों और अंधेरे के कारण हादसों का केंद्र बन चुका है। यह क्षेत्र रावाभाठा थाना क्षेत्र में आता है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि गड्ढों और मुरुम की काली धूल के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई सालों से यहां स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। अंधेरा इतना गहरा रहता है कि सड़क किसी जंगल जैसी प्रतीत होती है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र के लोग रात 8 बजे के बाद घर से निकलने से डरते हैं। भारी वाहन और ट्रक लगातार गुजरते रहते हैं, जिनके बीच छोटी गाड़ियों को चलाना मुश्किल हो जाता है। राहगीरों का आरोप है कि रात के समय अंधेरे की वजह से कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं और लोगों की जान तक जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल साहू और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। लोगों का कहना है

मेटल पार्क रोड बना हादसों का गढ़, स्ट्रीट लाइट बंद होने से बढ़ रहा खतरा Read Post »

Accident, Birgaon, Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News

उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास गणेश पंडाल गिरा, विवाद के कारण नहीं मिला सहारा

रायपुर। उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास श्रीराम गणेश उत्सव समिति का पंडाल रविवार देर रात तेज बारिश और आंधी के चलते गिर गया। जानकारी के मुताबिक, पिछले 20–25 वर्षों से यहां गणेश प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, लेकिन इस बार आयोजन स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। समिति सदस्यों का कहना है कि पहले पंडाल अस्पताल की दीवार से थोड़ी दूरी छोड़कर बनाया जाता था, जिससे उसे सहारा मिल जाता था और मजबूती बनी रहती थी। मगर इस बार अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय पार्षद ने दीवार को सड़क की ओर बढ़ाकर बनवा दिया, जिसके कारण आयोजन समिति को पंडाल लगाने के लिए सहारा नहीं मिल पाया। आयोजकों ने आरोप लगाया कि अगर अस्पताल और पार्षद की ओर से सहयोग मिलता और थोड़ी जगह दी जाती, तो पंडाल पहले की तरह सुरक्षित खड़ा रहता। मजबूरी में सड़क पर पंडाल खड़ा करना पड़ा और इसी वजह से वर्षों में पहली बार वह ढह गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि परंपरा को बनाए रखने के लिए भविष्य में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस तरह की परेशानी दोबारा न हो।

उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास गणेश पंडाल गिरा, विवाद के कारण नहीं मिला सहारा Read Post »

Accident, Birgaon, Chhattisgarh

रायपुर में रावाभाठा क्षेत्र में खौफनाक हत्या, शव पर गंभीर चोटें और बंधे हाथ-पैर

रायपुर, 25 अगस्त 2025 – राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में सोमवार सुबह एक भयानक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रामनगर स्थित मनीष ऑटो पार्ट्स के पीछे एक अज्ञात युवक का शव पाया गया। घटना स्थल का मुआयना करने पहुंचे लोगों ने बताया कि मृतक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को जानबूझकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया। सूचना मिलते ही खमतराई थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं ताकि किसी सुराग का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह इलाके में इस प्रकार की वारदात देखकर सभी दहशत में हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि हत्या के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। इस बीच, खमतराई पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह घटना राजधानी रायपुर के लिए गंभीर सुरक्षा चुनौती के रूप में देखी जा रही है। जांच टीम इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद है या फिर इसका कोई और कारण हो सकता है।

रायपुर में रावाभाठा क्षेत्र में खौफनाक हत्या, शव पर गंभीर चोटें और बंधे हाथ-पैर Read Post »

Birgaon, Chhattisgarh, Raipur

राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर मुख्यमंत्री से मिले बुनकर प्रतिनिधि मंडलहाथकरघा उद्योग को लेकर रखीं मांगें, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रायपुर, 7 अगस्त 2025 –राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर बुनकरों का एक प्रतिनिधिमंडल देवांगन समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश देवांगन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास में भेंट करने पहुंचा। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए बुनकर समाज की ओर से आभार जताया कि पिछले वर्ष सरकार ने मजदूरी दर में 20% की बढ़ोतरी की थी, जिससे बुनकरों को सीधा लाभ मिला। बैठक के दौरान बुनकरों ने अपने लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा की और सरकार से उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। इस विशेष अवसर पर बुनकरों की ओर से एक आकर्षक हाथकरघा मॉडल स्मृति चिन्ह के रूप में मुख्यमंत्री को भेंट किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार बुनकरों के हित में लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में उनके लिए और योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में नालंदा के बुनकरों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के पारंपरिक वस्त्रों की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है, जो बुनकर समुदाय के लिए नई संभावनाएं खोलती है। प्रतिनिधिमंडल में महेश देवांगन के साथ धनेश, पुरुषोत्तम, रामगोपाल, सेवकराम, शैलेश, अवधराम, गजेंद्र, नरेंद्र और डॉ. लक्ष्मीनारायण देवांगन जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर मुख्यमंत्री से मिले बुनकर प्रतिनिधि मंडलहाथकरघा उद्योग को लेकर रखीं मांगें, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं Read Post »

Chhattisgarh, Raipur

नेशनल हाईवे-130 की खराब हालत पर हाई कोर्ट सख्त: अफसरों से पूछा – सड़क पर चलकर देखा है हाल?

रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक के बीच नेशनल हाईवे-130 की बदहाल स्थिति पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने गंभीर नाराजगी जाहिर की है। इस मामले में मंगलवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की खंडपीठ ने सुनवाई करते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को कोर्ट में तलब किया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने एनएचएआई रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल, प्रोजेक्ट प्रभारी डीडी परलावर और अधिकारी दिनेश चंद्र शाही से सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी खुद इस मार्ग पर यात्रा की है? और क्या उन्हें इस बात का एहसास है कि सड़क की स्थिति बेहद खराब है? इस पर अधिकारियों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर चल चुके हैं और सड़क की हालत वाकई खराब है। उन्होंने यह भी बताया कि मरम्मत का कार्य फिलहाल जारी है और इसे तय मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि सुधार कार्यों में तेजी लाई जा रही है, लेकिन काम लंबा होने के कारण कुछ समय लग सकता है। पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक की सड़क सुधारने का निर्देश सड़क की दूसरी बदहाल कड़ी, पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक की स्थिति पर जब कोर्ट ने सवाल उठाया, तो बताया गया कि यह इलाका बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में आता है और इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) की है। कोर्ट ने PWD को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस हिस्से की सड़कों को जल्द सुधारें और व्यवस्था में सुधार लाएं। दो हफ्तों में प्रगति रिपोर्ट मांगी, अगली सुनवाई 25 अगस्त को हाई कोर्ट ने अधिकारियों को फिलहाल व्यक्तिगत उपस्थिति से राहत दी है, लेकिन चेतावनी भी दी कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर दोबारा तलब किया जाएगा। अगली सुनवाई की तारीख 25 अगस्त तय की गई है, जिसमें रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक सड़क की मौजूदा स्थिति की जानकारी पेश करनी होगी।

नेशनल हाईवे-130 की खराब हालत पर हाई कोर्ट सख्त: अफसरों से पूछा – सड़क पर चलकर देखा है हाल? Read Post »

Bilashpur, Raipur

भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान: 13 से 15 अगस्त तक 50 लाख जगहों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ में भाजपा ने इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भव्य रूप देने की योजना बनाई है। पार्टी ने 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेशभर में 50 लाख घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सभी बूथों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक अहम बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री और अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक सुनील बंसल ने कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 25 लाख घरों में तिरंगा फहराया गया था, जबकि इस बार संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य है। बैठक में बताया गया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी चर्चा की जाएगी। इस कार्यक्रम में युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई है, साथ ही समाज के सभी वर्गों को जोड़ने की योजना है। सम्मान और सहभागिता पर जोर प्रत्येक मंडल में युद्ध में शहीद हुए सैनिकों और पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को सम्मानित किया जाएगा। ‘मोर तिरंगा – मोर अभिमान’ कार्यक्रम के तहत भी शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मान दिया जाएगा। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बैठक का संचालन किया। इसमें शिवरतन शर्मा, नीलू शर्मा, हर्षिता पांडेय, विश्वविजय सिंह तोमर और दीपेश अरोरा जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियां देशभक्ति और चेतना का प्रसार राष्ट्रीय समन्वयक सुनील बंसल ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं और महिलाओं में देशभक्ति की चेतना जगाना है। साथ ही, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की मूर्तियों के आसपास स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। नेताओं की प्रतिक्रियाएं “50 लाख स्थानों पर तिरंगा फहराकर समाज में फैली गुलामी की मानसिकता और कुरीतियों को खत्म करना है। देशभक्ति की भावना को जगाना है।”— अजय जम्वाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री “छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। अभियान के तहत शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।”— पवन साय, प्रदेश संगठन महामंत्री यह अभियान न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा, बल्कि लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की याद भी दिलाएगा।

भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान: 13 से 15 अगस्त तक 50 लाख जगहों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य Read Post »

Chhattisgarh

बिलासपुर NIA कोर्ट से ननों को सशर्त जमानत: धर्मांतरण और मानव तस्करी मामले में हुई थी गिरफ्तारी

बिलासपुर स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने केरल की दो ननों और एक पुरुष आरोपी को शनिवार को सशर्त जमानत दे दी है। इन तीनों पर नारायणपुर की युवतियों को कथित रूप से बहला-फुसलाकर धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोप लगे थे। उन्हें 25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन से आरपीएफ ने बजरंग दल की शिकायत पर पकड़ा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नन प्रीति मैरी, वंदना फ्रांसिस और सुकमन मंडावी शामिल हैं। इनकी जमानत याचिका पहले दुर्ग की सत्र अदालत में दाखिल की गई थी, लेकिन अदालत ने अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर सुनवाई से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने अपने वकील अमृतो दास के माध्यम से एनआईए कोर्ट, बिलासपुर में याचिका दाखिल की। आरोपियों की ओर से अदालत में यह दलील दी गई कि जिन युवतियों के साथ वे यात्रा कर रहे थे, वे बालिग हैं और पहले से ही ईसाई धर्म अपना चुकी हैं। वे अपनी मर्जी से नौकरी के लिए जा रही थीं, ऐसे में न तो धर्मांतरण का आरोप बनता है और न ही मानव तस्करी का। सरकारी पक्ष की ओर से वकील दाऊराम चंद्रवंशी ने अदालत को बताया कि मामला अभी जांच के प्रारंभिक दौर में है और इस समय जमानत देना जांच को प्रभावित कर सकता है। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुरक्षित रखा था। शनिवार को फैसला सुनाते हुए न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी की अदालत ने तीनों को 50-50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत दी। शर्तों के तहत उन्हें देश छोड़ने की अनुमति नहीं होगी, पासपोर्ट अदालत में जमा रहेगा और पुलिस बुलाने पर उन्हें हाजिर होना पड़ेगा।

बिलासपुर NIA कोर्ट से ननों को सशर्त जमानत: धर्मांतरण और मानव तस्करी मामले में हुई थी गिरफ्तारी Read Post »

Bilashpur, Chhattisgarh
Scroll to Top