बिरगांव का आज़ाद चौक बना हंगामे का केंद्र, युवक डीजे पर चढ़कर तलवार लहराए

रायपुर। बिरगांव के आज़ाद चौक में गणेशोत्सव के दौरान रविवार रात माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक डीजे पर चढ़कर फिल्मी गाना “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” बजवाते हुए तलवार लहराने लगे। यही नहीं, उन्होंने इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर “बिहारी खलनायक” कैप्शन के साथ पोस्ट भी किया।

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व जैसे मौके पर ऐसी हरकतें न केवल त्योहार की पवित्रता को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलाती हैं।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की खबर लगते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलवार को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपित युवकों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लोगों की मांग
निवासियों ने कहा कि बिरगांव क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने वालों पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

Scroll to Top