दुर्ग निगम परिसर में महापौर की सरकारी कार में लगी आग, FSL जांच में जुटी
दुर्ग नगर निगम कार्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर महापौर अल्का बाघमार की सरकारी कार में अचानक आग लग गई। महापौर के वाहन से उतरने के करीब 5 से 7 मिनट बाद कार से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने वाहन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, महापौर अल्का बाघमार दोपहर करीब 12 बजे भिलाई स्थित स्टील कॉलोनी आवास से सरकारी कार क्रमांक CG 07 DE 2417 से दुर्ग निगम कार्यालय पहुंची थीं। निगम परिसर में पहुंचने के बाद वह कार से उतरकर अपने कार्यालय चली गईं। कुछ मिनट बाद वाहन से धुआं निकलता देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। महापौर ने समय रहते निकालीं जरूरी फाइलें महापौर ने बताया कि कार से धुआं उठता देखकर उन्होंने तुरंत वाहन में रखी महत्वपूर्ण फाइलें और अन्य जरूरी सामान बाहर निकाल लिया। इसके कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और कार का काफी हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से इसे निगम परिसर के आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। शॉर्ट सर्किट की आशंका महापौर ने शुरुआती तौर पर कार की वायरिंग में खराबी के कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही कारण सामने आएगा। FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने के बाद FSL टीम भी निगम परिसर पहुंची। टीम ने जली हुई कार और घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मामले की जांच जारी है। FSL और तकनीकी जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी वजह थी।
दुर्ग निगम परिसर में महापौर की सरकारी कार में लगी आग, FSL जांच में जुटी Read Post »
Bhilai / Durg









