बिलासपुर के लिए 827 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड का प्रस्ताव, मंजूरी की प्रक्रिया तेज करने की मांग
बिलासपुर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रस्तावित 827.20 करोड़ रुपये की 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। प्रस्तावित रिंग रोड राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी। इसके बनने से भारी वाहनों का शहर के भीतर आवागमन कम होने की उम्मीद है, जिससे ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। साथ ही औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की संभावना है। परियोजना के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा एनएच-49 पर अकलतरा से ओडिशा सीमा तक फोरलेन सड़क, पाराघाट-मस्तूरी बायपास और सेंदरी से दर्रीघाट तक नई फोरलेन सड़क जैसी अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी सर्वे और DPR तैयार करने का कार्य जारी है।



