रायपुर: फुंडहर स्थित गौठान में बारिश के बीच मृत गायों के शव पड़े मिलने का मामला सामने आया है। शनिवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन-9 के वार्ड-51 स्थित गौठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौठान की व्यवस्थाओं को लेकर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।
आकाश तिवारी के मुताबिक, गौठान की क्षमता करीब 260 से 280 गोवंश रखने की है, जबकि यहां 600 से ज्यादा गोवंश रखे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षमता से अधिक पशु होने के कारण पर्याप्त जगह, चारा और पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। साथ ही पशुओं के इलाज के लिए भी पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं होने का दावा किया गया।

निरीक्षण के दौरान गौठान में मृत गायों के शव पड़े होने पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बारिश के बीच मृत गोवंश का समय पर निस्तारण नहीं किया गया, जिससे गौठान की व्यवस्था और पशुओं की देखभाल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि एक ओर सरकार गौ संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर गौठान में गोवंश की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने क्षमता से दोगुने से अधिक पशुओं को एक ही स्थान पर रखने के फैसले पर भी सवाल उठाया।
नेता प्रतिपक्ष ने रायपुर के सभी नगर निगम गौठानों की जांच कराने, अतिरिक्त गोवंश को दूसरे गौठानों में शिफ्ट करने और पर्याप्त चारा, पानी, शेड, सफाई एवं पशु चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने निगम प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस नगर निगम सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगी।



