कृति यादव ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम, बिरगांव के जनप्रतिनिधियों ने उरला थाने में किया सम्मानित

रायपुर/बिरगांव – छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परिणामों में बिरगांव की होनहार छात्रा कृति यादव ने 96.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तर की मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि पर पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

कृति की इस सफलता पर बिरगांव नगर निगम के पार्षद पुत्र राजू सिन्हा, पार्षद खेमलाल साहू और पार्षद दिकेंद्र सिन्हा ने मिलकर उसे बधाई दी। उरला थाना परिसर में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर द्वारा कृति को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कृति को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कृति जैसी बेटियां समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं और इनके आत्मविश्वास से दूसरे बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।

कृति की सफलता यह संदेश देती है कि सच्ची मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। क्षेत्र के लोगों ने भी कृति को दिल से शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किए।

Scroll to Top