RAIGARH

छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों का बढ़ा खतरा: हाथियों ने 8 मकान तोड़े, बाघ और तेंदुए की मौजूदगी से कई जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने से वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों के झुंड ने पिछले दो दिनों में कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं बस्तर के जगदलपुर क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी और कांकेर में तेंदुए की गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। दो रातों में 8 मकानों को पहुंचाया नुकसान धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज की लिप्ती बीट अंतर्गत चितामाड़ा, पखनाकोट और कमरई गांवों में हाथियों का दल आबादी तक पहुंच गया। सोमवार रात हाथियों ने कई ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि मंगलवार रात भी पखनाकोट में दो और मकानों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा तीन किसानों की धान की फसल और नर्सरी (थरहा) भी हाथियों ने रौंद दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का सर्वे शुरू कर मुआवजा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। रायगढ़ जिले में 135 हाथी सक्रिय वन विभाग के अनुसार, इस समय रायगढ़ जिले में कुल 135 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 114 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल में और 21 हाथी रायगढ़ वन मंडल में सक्रिय हैं। विभाग लगातार हाथियों की निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों से जंगल या हाथियों के नजदीक न जाने की अपील की है। जगदलपुर में फिर दिखे बाघ के निशान बस्तर के कुरंदी गांव में करीब 30 वर्ष बाद बाघ की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। खेतों के पास जंगल में बड़े आकार के ताजा पंजों के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर लोग शाम के बाद घरों से कम निकल रहे हैं और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांध रहे हैं। कांकेर में वन विभाग को चुनौती दे रहा तेंदुआ कांकेर जिले के ढेकलावन और गट्टागुड़ूम गांवों में तेंदुए की गतिविधियां बनी हुई हैं। वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए पिंजरे और कैमरे लगाए हैं, लेकिन तेंदुआ अब तक पिंजरे से दूर बना हुआ है। कैमरों में उसकी मौजूदगी सीमित बार दर्ज हुई है, जिससे उसे पकड़ना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने, रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों का बढ़ा खतरा: हाथियों ने 8 मकान तोड़े, बाघ और तेंदुए की मौजूदगी से कई जिलों में अलर्ट Read Post »

, Wildlife, RAIGARH, State, Top News

आंगनबाड़ी सहायिका पर जानलेवा हमला, शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने डंडे से पीटा

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम देवगढ़ में कार्यरत एक आंगनबाड़ी सहायिका पर उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, घायल महिला सत्यवती राठिया (30) ग्राम देवगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सत्यवती का पति इंद्रजीत राठिया अक्सर शराब के नशे में उसके साथ विवाद और मारपीट करता था। परिवार की ओर से कई बार समझाइश देने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। 21 जून की दोपहर आरोपी इंद्रजीत राठिया शराब पीने के लिए पैसे मांगने घर पहुंचा। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने बांस के डंडे से सत्यवती के सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी इंद्रजीत राठिया (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

आंगनबाड़ी सहायिका पर जानलेवा हमला, शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने डंडे से पीटा Read Post »

Crime, RAIGARH

रायगढ़ में बस सर्विस ऑफिस पर हमला, साइड देने के विवाद में कर्मचारियों की पिटाई और तोड़फोड़, CCTV वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क पर साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 5 से 7 युवकों ने बस सर्विस के कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बदल बस सर्विस के संचालक उपेंद्र सिंह रविवार शाम अपनी कार से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में कुछ युवक सड़क पर खड़े थे। उपेंद्र ने उनसे साइड देने को कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय युवक नशे में थे और बहस बढ़ने लगी। इसी दौरान बस सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तेज हो गई। स्थिति बिगड़ती देख उपेंद्र सिंह वहां से अपने कार्यालय पहुंच गए, लेकिन युवक उनके पीछे-पीछे वहां तक पहुंच गए। कार्यालय पहुंचते ही आरोपियों ने दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को बाहर खींचकर लात-घूसों से पीटा और ऑफिस में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पास के धनागर गांव के रहने वाले हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

रायगढ़ में बस सर्विस ऑफिस पर हमला, साइड देने के विवाद में कर्मचारियों की पिटाई और तोड़फोड़, CCTV वीडियो वायरल Read Post »

Chhattisgarh, Crime, RAIGARH, State, Top News

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई, 13 टन अवैध स्क्रैप जब्त

छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले में पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में प्लांट तक पहुंचाए जा रहे 13 टन से अधिक स्क्रैप को जब्त करते हुए ट्रक को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि तमनार चैक के पास एक ट्रक में संदिग्ध तरीके से कबाड़ लोड किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर जांच शुरू की और वाहनों की तलाशी ली। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर घेराबंदी की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रमेश यादव, निवासी आजमगढ़ बताया। ट्रक की जांच में भारी मात्रा में लोहे और टीन का कबाड़ मिला। जब उससे संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर पुलिस ने करीब 2.87 लाख रुपए कीमत का 13 टन 700 किलो स्क्रैप और लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के ट्रक को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा क्षेत्र में अवैध कबाड़ को प्लांट में खपाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले दो महीनों में 12 से अधिक भारी वाहनों को पकड़ा गया है। वहीं हाल ही में तीन थाना क्षेत्रों से कुल 75.62 टन स्क्रैप जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 23.69 लाख रुपए आंकी गई है। एसएसपी Shashi Mohan Singh ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों की जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई, 13 टन अवैध स्क्रैप जब्त Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, RAIGARH, Top News

रायगढ़ में रेप पीड़िता को धमकी: जमानत पर छूटे आरोपी ने केस वापस लेने बनाया दबाव

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक रेप पीड़िता ने जमानत पर रिहा हुए आरोपी और उसके सहयोगी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहा है। इस संबंध में महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने बताया कि उसने 3 फरवरी 2026 को बादल सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत के बाद बढ़ा दबाव पीड़िता के अनुसार, आरोपी के जमानत पर छूटने के बाद उस पर केस वापस लेने का दबाव बढ़ गया। 18 मार्च को उसे कोर्ट में बयान के बहाने बुलाया गया, जहां आरोपी के साथ अनमोल अग्रवाल और अन्य लोग मौजूद थे। वहां उसे पैसे लेकर मामला खत्म करने की बात कही गई और मना करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। मंदिर परिसर में दी धमकी पीड़िता ने बताया कि अगले दिन 19 मार्च को मंदिर में आरोपी ने उसे फिर से धमकाया। उसने कहा कि वह जमानत पर बाहर है और यदि केस वापस नहीं लिया गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। फोन पर भी दबाव पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने फोन के जरिए भी संपर्क करने की कोशिश की। डर के कारण उसने कॉल रिसीव नहीं किया। उसने शिकायत में बताया कि आरोपी और उसका साथी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस कार्रवाई जारी महिला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही मुख्य आरोपी की जमानत रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस की चेतावनी रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि किसी भी पीड़ित या गवाह को धमकाने और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

रायगढ़ में रेप पीड़िता को धमकी: जमानत पर छूटे आरोपी ने केस वापस लेने बनाया दबाव Read Post »

Chhattisgarh, Crime, RAIGARH, State, Top News

रायगढ़ में मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्ती, 11 बुलेट जब्त, 50 साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट

Raigarh में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान 11 बुलेट बाइक चालकों को पकड़ा गया, जिनकी गाड़ियों में तेज आवाज वाले अवैध साइलेंसर लगे हुए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और विभिन्न थानों की टीम लगातार शहर के चौक-चौराहों पर चेकिंग कर रही है। इसी दौरान पकड़े गए सभी वाहनों को ट्रैफिक थाना लाया गया और चालकों के साथ उनके अभिभावकों को भी पुलिस कार्यालय बुलाया गया। Shashi Mohan Singh ने नियम तोड़ने पर सख्त नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने सभी बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर चालानी कार्रवाई भी की। इसके अलावा, अभियान के तहत जब्त किए गए करीब 50 मॉडिफाइड साइलेंसरों को ट्रैफिक थाना परिसर के पीछे बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया। यह कदम लोगों में जागरूकता फैलाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। एसएसपी ने अपना आधिकारिक मोबाइल नंबर जारी करते हुए कहा है कि अगर कहीं मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन दिखें, तो उनकी फोटो व्हाट्सएप के जरिए भेजकर सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

रायगढ़ में मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्ती, 11 बुलेट जब्त, 50 साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, RAIGARH, Top News

रायगढ़ नगर निगम में लापरवाह ड्राइवर बर्खास्त, आयुक्त ने चेतावनी दी

रायगढ़ नगर निगम में कर्मचारियों की लापरवाही उजागर होने के बाद निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने वाहन विभाग का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो ड्राइवर बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वाहन विभाग की उपस्थिति पंजी, वाहनों की स्थिति और संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में सफाई, कचरा उठाव, मरम्मत और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट-रोस्टर के अनुसार तय की जाती है। बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य लापरवाह कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी दी गई कि यदि बिना ठोस कारण अनुपस्थित पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आयुक्त ने जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी वार्डवार लगाई गई है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 48 वार्डों के अलावा बाह्यवृद्धि के 3 वार्ड—कलमी, बेंद्राचुंआ और बड़े अतरमुड़ा—को शामिल करते हुए कुल 51 वार्डों में लगभग 2.5 लाख की आबादी निवासरत है। कमिश्नर ने प्रत्येक वार्ड में 700-800 की आबादी के आधार पर ब्लॉक निर्धारण की प्रक्रिया का गूगल मैप के माध्यम से निरीक्षण किया। सभी वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने वार्डों में सही और गंभीरता से ब्लॉक निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

रायगढ़ नगर निगम में लापरवाह ड्राइवर बर्खास्त, आयुक्त ने चेतावनी दी Read Post »

Chhattisgarh, RAIGARH, State, Top News
Scroll to Top