रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम देवगढ़ में कार्यरत एक आंगनबाड़ी सहायिका पर उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला सत्यवती राठिया (30) ग्राम देवगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सत्यवती का पति इंद्रजीत राठिया अक्सर शराब के नशे में उसके साथ विवाद और मारपीट करता था। परिवार की ओर से कई बार समझाइश देने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
21 जून की दोपहर आरोपी इंद्रजीत राठिया शराब पीने के लिए पैसे मांगने घर पहुंचा। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने बांस के डंडे से सत्यवती के सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी इंद्रजीत राठिया (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।