जशपुर में महिला की हत्या का खुलासा: प्रेम संबंध और जमीन विवाद बना कत्ल की वजह, 3 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महिला की हत्या के चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ में एक महिला की हत्या कर शव को रेत में दफनाकर छिपाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध और जमीन विवाद की बात सामने आई है। दरअसल, 30 जुलाई को हरावती बाई (58) के घर से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के समीप रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतका के बेटे भूषण राम की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसका पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई से प्रेम संबंध था। वहीं, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमती बाई ने मिलकर हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव घर में ही रखा गया, लेकिन बदबू फैलने लगी तो भूषण राम की मदद से शव को घर से निकालकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफना दिया गया, ताकि वारदात का कोई सुराग न मिले। जांच के दौरान पुलिस ने शव को दफनाने में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले में श्यामपति बाई (42), बुधमती बाई (65) और भूषण राम (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





