जिला अस्पताल में रिश्वत का मामला: ड्रेसर 5 हजार लेते वीडियो वायरल, निलंबित

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर किशोर कुमार चौहान का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में वह 5 हजार रुपये लेते और गिनते दिखाई दे रहे हैं, साथ ही 2 हजार रुपये और देने की बात भी करते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, एक सरकारी कर्मचारी ने अपने इलाज के खर्च की प्रतिपूर्ति (मेडिकल रिम्बर्समेंट) के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस आवेदन को पास कराने के बदले पैसे मांगे गए। वायरल वीडियो में इलाज पर करीब 45 हजार रुपये खर्च और IVF से जुड़े भुगतान को लेकर बातचीत भी सुनाई देती है।

वीडियो में ड्रेसर यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि जिस अधिकारी के हस्ताक्षर से भुगतान होना है, उसे पैसे नहीं देना चाह रहे हो। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि फाइल रायपुर भेजी जाती, तो बिल पास नहीं होता, क्योंकि IVF का खर्च मंजूर नहीं किया जाता। हालांकि, पैसे देने वाला व्यक्ति अभी तक सामने नहीं आया है और न ही इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल को यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। जांच के बाद इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी.एस. जात्रा ने कहा कि पहली नजर में मामला गंभीर पाया गया है। इस तरह की अवैध वसूली न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचाती है। इसी आधार पर ड्रेसर को सस्पेंड किया गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे विभागीय जांच की जाएगी और यदि आरोप साबित होते हैं, तो कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान किशोर कुमार चौहान का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Scroll to Top