छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दुखद हादसे में 8 महीने की गर्भवती महिला और उसकी बेटी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के घोघरा डैम में रविवार को हुई।
जानकारी के अनुसार, बालाझार गांव की रहने वाली सुकांती तिग्गा (32) अपनी दो बेटियों के साथ डैम गई थीं। वह वहां कपड़े धो रही थीं और बच्चों के साथ नहा भी रही थीं। इसी दौरान सुकांती और उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा (8) गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा (10) किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई और घर पहुंचकर परिवार व गांव वालों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम पहुंचे और खोजबीन शुरू की। डैम किनारे महिला के कपड़े, चप्पल और बाल्टी मिली। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
काफी प्रयास के बाद महिला और बच्ची के शव पानी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।



