छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद बाइक टक्कर के बाद शुरू हुआ। पीड़ित युवकों ने एक बाइक सवार को धीरे गाड़ी चलाने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी अपने साथियों के साथ वापस आया और हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रभाकर मार्शल अपने दोस्तों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ गांव में एक कार्यक्रम की सूचना देने निकला था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों पक्षों में बहस हो गई। आरोप है कि बादल जांगड़े नाम के युवक ने पहले गाली-गलौज की, फिर बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसके साथी भी वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट से बचने के लिए एक युवक पेट्रोल पंप के ऑफिस में भाग गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट करते रहे।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। CCTV वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

