रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई, 13 टन अवैध स्क्रैप जब्त

छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले में पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में प्लांट तक पहुंचाए जा रहे 13 टन से अधिक स्क्रैप को जब्त करते हुए ट्रक को भी कब्जे में लिया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि तमनार चैक के पास एक ट्रक में संदिग्ध तरीके से कबाड़ लोड किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर जांच शुरू की और वाहनों की तलाशी ली। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर घेराबंदी की गई।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम रमेश यादव, निवासी आजमगढ़ बताया। ट्रक की जांच में भारी मात्रा में लोहे और टीन का कबाड़ मिला। जब उससे संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

संदेह के आधार पर पुलिस ने करीब 2.87 लाख रुपए कीमत का 13 टन 700 किलो स्क्रैप और लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के ट्रक को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा क्षेत्र में अवैध कबाड़ को प्लांट में खपाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले दो महीनों में 12 से अधिक भारी वाहनों को पकड़ा गया है। वहीं हाल ही में तीन थाना क्षेत्रों से कुल 75.62 टन स्क्रैप जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 23.69 लाख रुपए आंकी गई है।

एसएसपी Shashi Mohan Singh ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों की जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Scroll to Top