छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक रेप पीड़िता ने जमानत पर रिहा हुए आरोपी और उसके सहयोगी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहा है। इस संबंध में महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है।

यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने बताया कि उसने 3 फरवरी 2026 को बादल सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जमानत के बाद बढ़ा दबाव
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के जमानत पर छूटने के बाद उस पर केस वापस लेने का दबाव बढ़ गया। 18 मार्च को उसे कोर्ट में बयान के बहाने बुलाया गया, जहां आरोपी के साथ अनमोल अग्रवाल और अन्य लोग मौजूद थे। वहां उसे पैसे लेकर मामला खत्म करने की बात कही गई और मना करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
मंदिर परिसर में दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि अगले दिन 19 मार्च को मंदिर में आरोपी ने उसे फिर से धमकाया। उसने कहा कि वह जमानत पर बाहर है और यदि केस वापस नहीं लिया गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
फोन पर भी दबाव
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने फोन के जरिए भी संपर्क करने की कोशिश की। डर के कारण उसने कॉल रिसीव नहीं किया। उसने शिकायत में बताया कि आरोपी और उसका साथी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई जारी
महिला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही मुख्य आरोपी की जमानत रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस की चेतावनी
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि किसी भी पीड़ित या गवाह को धमकाने और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

