दुर्ग के इंदिरा मार्केट में भीषण आग: 4 दुकानें खाक, करोड़ों का नुकसान

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार रात एक बड़ा अग्निकांड हुआ, जहां इंदिरा मार्केट स्थित दो मंजिला फुटवियर दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की तीन अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक का सामान जलकर राख हो गया।

यह घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

जूते-चप्पल की दुकान से शुरू हुई आग

रात करीब 11 बजे “रौबदार फुटवियर” दुकान में आग भड़की। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा पूरा माल जलने लगा। आग फैलकर आसपास की अन्य दुकानों तक पहुंच गई।

दमकल की टीम ने 5 घंटे में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं।

कुल 6 दमकल वाहनों की मदद से करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली लोड बढ़ने से ऐसे हादसे हो सकते हैं।

पुलिस जांच जारी

एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Scroll to Top