बिलासपुर सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक की मौत, दूसरा गंभीर

बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

यह हादसा कोटा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, तखतपुर इलाके के ग्राम दर्रीकापा निवासी परसराम पोर्ते (50) और उनके रिश्तेदार भरत सिंह ध्रुव (45) अपने परिवार में होने वाली शादी का निमंत्रण बांटकर वापस लौट रहे थे।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

रविवार दोपहर दोनों बाइक से चोरभट्ठी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम नेवरा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में परसराम पोर्ते को वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भरत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश पड़े रहे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Scroll to Top