छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि 1800 रुपए और मोबाइल पासवर्ड को लेकर हुए झगड़े में दो युवकों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।

मालखरौदा थाना क्षेत्र के बंदोरा गांव में 25 वर्षीय राहुल कुर्मी की 28 मार्च की शाम घर के पास ही लाश मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी इंद्रकुमार गबेल (35) और नारायण यादव (20) ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
विवाद से हत्या तक
बताया जा रहा है कि इंद्रकुमार अपने पैसे वापस मांगने और मोबाइल का फेस पासवर्ड जानने के लिए राहुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान नारायण ने भी अपने भाई का मोबाइल चोरी होने का आरोप लगाया। बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई।
गुस्से में दोनों आरोपियों ने पहले कपड़े से राहुल का गला दबाया। जब वह जिंदा था, तो ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों को ऐसे मिली जानकारी
राहुल कुर्मी “राहुल ऑटो” नाम से धुलाई मशीन सेंटर चलाता था। 28 मार्च की सुबह वह मजदूर ढूंढने के लिए निकला था। शाम को उसके परिजनों को उसके दोस्त के जरिए घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उसका शव घर के पास मिला, जिसमें गला दबाने और ईंट से हमले के निशान थे।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने 29 मार्च को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

