रायपुर, 7 अगस्त 2025 –
राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर बुनकरों का एक प्रतिनिधिमंडल देवांगन समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश देवांगन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास में भेंट करने पहुंचा। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए बुनकर समाज की ओर से आभार जताया कि पिछले वर्ष सरकार ने मजदूरी दर में 20% की बढ़ोतरी की थी, जिससे बुनकरों को सीधा लाभ मिला।
बैठक के दौरान बुनकरों ने अपने लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा की और सरकार से उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। इस विशेष अवसर पर बुनकरों की ओर से एक आकर्षक हाथकरघा मॉडल स्मृति चिन्ह के रूप में मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार बुनकरों के हित में लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में उनके लिए और योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में नालंदा के बुनकरों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के पारंपरिक वस्त्रों की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है, जो बुनकर समुदाय के लिए नई संभावनाएं खोलती है।
प्रतिनिधिमंडल में महेश देवांगन के साथ धनेश, पुरुषोत्तम, रामगोपाल, सेवकराम, शैलेश, अवधराम, गजेंद्र, नरेंद्र और डॉ. लक्ष्मीनारायण देवांगन जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।



