नेशनल हाईवे-130 की खराब हालत पर हाई कोर्ट सख्त: अफसरों से पूछा – सड़क पर चलकर देखा है हाल?

रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक के बीच नेशनल हाईवे-130 की बदहाल स्थिति पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने गंभीर नाराजगी जाहिर की है। इस मामले में मंगलवार को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की खंडपीठ ने सुनवाई करते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को कोर्ट में तलब किया।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने एनएचएआई रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल, प्रोजेक्ट प्रभारी डीडी परलावर और अधिकारी दिनेश चंद्र शाही से सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी खुद इस मार्ग पर यात्रा की है? और क्या उन्हें इस बात का एहसास है कि सड़क की स्थिति बेहद खराब है?

इस पर अधिकारियों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर चल चुके हैं और सड़क की हालत वाकई खराब है। उन्होंने यह भी बताया कि मरम्मत का कार्य फिलहाल जारी है और इसे तय मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप लाल ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि सुधार कार्यों में तेजी लाई जा रही है, लेकिन काम लंबा होने के कारण कुछ समय लग सकता है।

पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक की सड़क सुधारने का निर्देश

सड़क की दूसरी बदहाल कड़ी, पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक की स्थिति पर जब कोर्ट ने सवाल उठाया, तो बताया गया कि यह इलाका बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में आता है और इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) की है।

कोर्ट ने PWD को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस हिस्से की सड़कों को जल्द सुधारें और व्यवस्था में सुधार लाएं।

दो हफ्तों में प्रगति रिपोर्ट मांगी, अगली सुनवाई 25 अगस्त को

हाई कोर्ट ने अधिकारियों को फिलहाल व्यक्तिगत उपस्थिति से राहत दी है, लेकिन चेतावनी भी दी कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर दोबारा तलब किया जाएगा। अगली सुनवाई की तारीख 25 अगस्त तय की गई है, जिसमें रायपुर से बिलासपुर और पेंड्रीडीह से नेहरू चौक तक सड़क की मौजूदा स्थिति की जानकारी पेश करनी होगी।

Scroll to Top