उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास गणेश पंडाल गिरा, विवाद के कारण नहीं मिला सहारा

रायपुर। उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास श्रीराम गणेश उत्सव समिति का पंडाल रविवार देर रात तेज बारिश और आंधी के चलते गिर गया। जानकारी के मुताबिक, पिछले 20–25 वर्षों से यहां गणेश प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, लेकिन इस बार आयोजन स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

समिति सदस्यों का कहना है कि पहले पंडाल अस्पताल की दीवार से थोड़ी दूरी छोड़कर बनाया जाता था, जिससे उसे सहारा मिल जाता था और मजबूती बनी रहती थी। मगर इस बार अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय पार्षद ने दीवार को सड़क की ओर बढ़ाकर बनवा दिया, जिसके कारण आयोजन समिति को पंडाल लगाने के लिए सहारा नहीं मिल पाया।

आयोजकों ने आरोप लगाया कि अगर अस्पताल और पार्षद की ओर से सहयोग मिलता और थोड़ी जगह दी जाती, तो पंडाल पहले की तरह सुरक्षित खड़ा रहता। मजबूरी में सड़क पर पंडाल खड़ा करना पड़ा और इसी वजह से वर्षों में पहली बार वह ढह गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि परंपरा को बनाए रखने के लिए भविष्य में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस तरह की परेशानी दोबारा न हो।

Scroll to Top