छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार किरण देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर निजी कार्यक्रम के तहत परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटने के दौरान झांसी और ललितपुर के बीच उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
वाहन बचाने के दौरान अनियंत्रित हुई कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसे के समय किरण देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ सुरक्षा कर्मी (PSO) मौजूद थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे।
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उनके करीबियों के मुताबिक किरण देव को गंभीर चोट नहीं आई है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन हादसे की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। घटना को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।



