Accident

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: डूबने से 3 युवकों की मौत, सारंगढ़ में दंपती लापता, 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि सारंगढ़ में एक कार के नाले में गिरने से पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी लापता हो गए हैं। राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। दुर्ग जिले में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत हुई। पाटन क्षेत्र के जामराव एनीकट में रविवार शाम तेज बहाव में बहे युवक का शव सोमवार सुबह बरामद किया गया। वहीं पुलगांव स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने के दौरान शुक्रवार शाम डूबे दूसरे किशोर का शव भी सोमवार सुबह मिला। दोनों मामलों में एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया। उधर, सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर रविवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर लाट नाले में जा गिरी। कार में सवार घोटलाबड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी तेज बहाव में बह गए। देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका और राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। कई इलाकों के लिए गरज-चमक और तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। बीते 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है। तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: डूबने से 3 युवकों की मौत, सारंगढ़ में दंपती लापता, 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी Read Post »

Accident, Raipur, weather

दुर्ग स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में एरिया मैनेजर की मौत, CCTV VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। संतुलन बिगड़ने से यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मृतक की पहचान 58 वर्षीय संदीप कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे रोजाना की तरह ट्रेन से रायपुर आने-जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और उनके पास रेलवे का मासिक पास भी था। लोकल छोड़ सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने की कोशिश जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना होने लगी। संदीप कुमार सिन्हा ने समय बचाने के लिए लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने का प्रयास किया। वे दौड़ते हुए चलती ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन उनके हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसल गया। बैग के खिसकने से उनका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन के दरवाजे की रॉड पर उनकी पकड़ छूट गई। इसके बाद वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े। अधिक खून बहने से गई जान हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों से की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। दो दिन बाद सामने आया CCTV वीडियो घटना के दो दिन बाद हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। रेलवे लगातार यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें। कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रारंभिक जांच में भी रेल पुलिस ने संतुलन बिगड़ने को हादसे की मुख्य वजह माना है।

दुर्ग स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में एरिया मैनेजर की मौत, CCTV VIDEO वायरल Read Post »

Accident, Bhilai / Durg

शिवनाथ नदी में डूबे बच्चे की मौत, छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। इसी बीच दुर्ग जिले की शिवनाथ नदी में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी गांव के पास तेज बहाव में दो बच्चे बह गए। सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, उरला क्षेत्र के आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे नदी में नहाने लगे और तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में 14 वर्षीय रेहान खान की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय आरव का अब तक पता नहीं चल पाया है। खोज अभियान लगातार जारी है। इससे पहले बिलासपुर जिले की शिवनाथ नदी में गुरुवार को बह गए एक मछुआरे का भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रदेश में अगले 48 घंटे बारिश का असर मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। अब तक की बारिश का आंकड़ा 1 जून से अब तक राज्य में हुई कुल वर्षा सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। हालांकि औसत की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन मौसम विभाग के मानकों के अनुसार इसे अभी भी सामान्य स्थिति माना जाता है। सबसे अधिक बारिश वाले क्षेत्र पिछले 24 घंटों में धरमजयगढ़ में सबसे अधिक 30 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिमी बारिश हुई। वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रायपुर का मौसम राजधानी रायपुर में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की वजह मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका फिलहाल राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। साथ ही पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। –18% डिपार्चर का मतलब मौसम विभाग के अनुसार यदि वर्षा सामान्य औसत से 19 प्रतिशत कम या 19 प्रतिशत अधिक रहती है तो उसे सामान्य श्रेणी में रखा जाता है। इसलिए राज्य में फिलहाल 18 प्रतिशत कम बारिश होने के बावजूद मानसून की स्थिति सामान्य मानी जा रही है।

शिवनाथ नदी में डूबे बच्चे की मौत, छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट Read Post »

Accident, Raipur, weather

रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार का कहर, आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त, महिला चालक फरार

राजधानी रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में करीब आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर एक के बाद एक कई वाहनों से जा टकराई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कार चला रही महिला चालक मौके से फरार हो गई। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार महिला चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार का कहर, आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त, महिला चालक फरार Read Post »

Accident, Crime, Raipur

रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बैटरी कारोबारी ने पत्नी और बच्चों को जहर देकर की आत्महत्या की आशंका

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाया, फिर खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी शुक्रवार रात तब मिली, जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहने और किसी प्रकार की हलचल नहीं होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। घर के भीतर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। एक कमरे में शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका और गहरी हो गई। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम को कमरे से खाने-पीने का सामान तथा कीटनाशक का एक डिब्बा भी मिला है। इसी आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि परिवार को पहले भोजन में जहर दिया गया और बाद में शाहिद ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा। जानकारी के अनुसार, शाहिद पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिवार मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर मकान को सील कर दिया है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि इस सामूहिक मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बैटरी कारोबारी ने पत्नी और बच्चों को जहर देकर की आत्महत्या की आशंका Read Post »

Accident, Crime, Raipur

कोरबा में आवारा कुत्तों के हमले से मासूम की मौत, नगर निगम देगा ₹1 लाख मुआवजा

कोरबा के दादर खुर्द क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, दादर खुर्द पुरानी बस्ती निवासी किशोर पटेल का परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। बुधवार शाम करीब 5 बजे बच्चे घर में अकेले थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण घटना की जानकारी देर से मिली। काम से घर लौटी मां ने बच्चे को गंभीर हालत में देखा और तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने पीड़ित परिवार के लिए ₹1 लाख की अनुग्रह सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह सहायता महापौर के निर्देश पर प्रदान की जाएगी। हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 15 से 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें कुछ कुत्तों का पहले ही बंध्याकरण किया जा चुका था, जबकि अन्य को डॉग शेल्टर भेजकर नसबंदी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। निगम ने बताया कि एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) कार्यक्रम के तहत अब तक एक हजार से अधिक आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है। नगर निगम ने नागरिकों से छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने, आवारा कुत्तों को केवल निर्धारित स्थानों पर भोजन कराने और किसी क्षेत्र में कुत्तों की संख्या अधिक होने पर तुरंत नगर निगम को सूचना देने की अपील की है। इस घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से स्थायी समाधान और नियमित अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

कोरबा में आवारा कुत्तों के हमले से मासूम की मौत, नगर निगम देगा ₹1 लाख मुआवजा Read Post »

Accident, korba, State, Top News

रायपुर रिंग रोड पर बड़ा हादसा, ओवरब्रिज से गिरा 16 चक्का ट्रेलर, लंबा जाम

रायपुर के रिंग रोड नंबर-1 स्थित पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से टाटीबंध की ओर जा रहा 16 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक का केबिन ओवरब्रिज से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा, जबकि ट्रेलर मुख्य सड़क के बीच पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मुख्य मार्ग और सर्विस रोड से गुजर रहे वाहन चालक एवं पैदल राहगीर बाल-बाल बच गए। ट्रेलर का केबिन मुख्य सड़क से नीचे सर्विस रोड तक पहुंच गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति के बारे में फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद रिंग रोड नंबर-1 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाने और यातायात सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।

रायपुर रिंग रोड पर बड़ा हादसा, ओवरब्रिज से गिरा 16 चक्का ट्रेलर, लंबा जाम Read Post »

Accident, Raipur

बिलासपुर में शिवनाथ नदी से SI की पत्नी का शव बरामद, तीन दिन से थीं लापता

बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एक एसआई की पत्नी का शव बिलासपुर के शिवनाथ नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला पिछले कई दिनों से लापता थीं। उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की, जिसके दौरान करीब पांच किलोमीटर दूर नदी से उनका शव बरामद किया गया। शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और सड़ चुका था। पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोहभट्ठा क्षेत्र के पास एक लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूटी की डिक्की से चाबी मिली। वाहन नंबर के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया, तब पता चला कि स्कूटी 43 वर्षीय प्रीति जॉन के नाम से जुड़ी हुई है। जांच में सामने आया कि प्रीति जॉन के पति प्रियेश जॉन बलौदाबाजार जिले में यातायात थाना प्रभारी (एसआई) के पद पर कार्यरत हैं। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और स्कूटी मिलने वाली जगह से लगभग पांच किलोमीटर दूर बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी में उनका शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि प्रीति 12 जुलाई से लापता थीं, लेकिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट किसी परिजन द्वारा दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह डिकंपोज हो चुका था। पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों पिछले लगभग छह महीने से अलग रह रहे थे। इसी वजह से पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को प्रीति जॉन का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल मिलने के बाद घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

बिलासपुर में शिवनाथ नदी से SI की पत्नी का शव बरामद, तीन दिन से थीं लापता Read Post »

Accident, Balodabazar, Bilaspur, Crime

NH-30 पर एक रात में दो बड़े हादसे, बस डिवाइडर से टकराई तो कबाड़ से भरा ट्रक पलटा

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक ही रात में दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। एक ओर यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकरा गई, वहीं दूसरी ओर कबाड़ से लदा ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। पहला हादसा देर रात ग्राम झिपटोला के पास हुआ। कांकेर से रायपुर जा रही महेंद्र बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और डिवाइडर भी टूट गया। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। क्षतिग्रस्त बस को हटाने का काम जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर तीखा मोड़ और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। दूसरा हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। धमतरी की ओर कबाड़ लेकर जा रहा एक ट्रक चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। एक ही रात में लगातार हुए इन दो हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।

NH-30 पर एक रात में दो बड़े हादसे, बस डिवाइडर से टकराई तो कबाड़ से भरा ट्रक पलटा Read Post »

Accident, Kanker

दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 2 बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई। जानकारी के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल पांच लोग सवार थे और सभी रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रही अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) को जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित मॉर्च्युरी भेजा गया है। मामले की जांच जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दुर्घटना के समय हाईवे से कुछ नेताओं का काफिला गुजर रहा था, जिसके चलते पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी और राहत कार्य में देर हुई। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत Read Post »

Accident, DURG-RAIPUR, State, Top News
Scroll to Top