छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि सारंगढ़ में एक कार के नाले में गिरने से पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी लापता हो गए हैं। राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
दुर्ग जिले में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत हुई। पाटन क्षेत्र के जामराव एनीकट में रविवार शाम तेज बहाव में बहे युवक का शव सोमवार सुबह बरामद किया गया। वहीं पुलगांव स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने के दौरान शुक्रवार शाम डूबे दूसरे किशोर का शव भी सोमवार सुबह मिला। दोनों मामलों में एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया।

उधर, सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर रविवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर लाट नाले में जा गिरी। कार में सवार घोटलाबड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी तेज बहाव में बह गए। देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। कई इलाकों के लिए गरज-चमक और तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



