रायपुर के रिंग रोड नंबर-1 स्थित पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से टाटीबंध की ओर जा रहा 16 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक का केबिन ओवरब्रिज से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा, जबकि ट्रेलर मुख्य सड़क के बीच पलट गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि मुख्य मार्ग और सर्विस रोड से गुजर रहे वाहन चालक एवं पैदल राहगीर बाल-बाल बच गए। ट्रेलर का केबिन मुख्य सड़क से नीचे सर्विस रोड तक पहुंच गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति के बारे में फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद रिंग रोड नंबर-1 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाने और यातायात सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।



