बिलासपुर में शिवनाथ नदी से SI की पत्नी का शव बरामद, तीन दिन से थीं लापता

बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एक एसआई की पत्नी का शव बिलासपुर के शिवनाथ नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला पिछले कई दिनों से लापता थीं। उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की, जिसके दौरान करीब पांच किलोमीटर दूर नदी से उनका शव बरामद किया गया। शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और सड़ चुका था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोहभट्ठा क्षेत्र के पास एक लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूटी की डिक्की से चाबी मिली। वाहन नंबर के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया, तब पता चला कि स्कूटी 43 वर्षीय प्रीति जॉन के नाम से जुड़ी हुई है।

जांच में सामने आया कि प्रीति जॉन के पति प्रियेश जॉन बलौदाबाजार जिले में यातायात थाना प्रभारी (एसआई) के पद पर कार्यरत हैं। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और स्कूटी मिलने वाली जगह से लगभग पांच किलोमीटर दूर बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी में उनका शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि प्रीति 12 जुलाई से लापता थीं, लेकिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट किसी परिजन द्वारा दर्ज नहीं कराई गई थी।

पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह डिकंपोज हो चुका था। पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों पिछले लगभग छह महीने से अलग रह रहे थे। इसी वजह से पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस को प्रीति जॉन का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल मिलने के बाद घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Scroll to Top