महादेव बेटिंग ऐप केस: रायपुर ED दफ्तर पहुंचीं शेफाली बग्गा, दूसरे दिन भी पूछताछ जारी

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय पहुंचीं। जांच एजेंसी उनसे ऐप के कथित प्रचार-प्रसार और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

गुरुवार को भी ईडी अधिकारियों ने शेफाली बग्गा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। जांच के दौरान सामने आए डिजिटल दस्तावेजों और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एजेंसी कथित प्रमोशनल वीडियो, इंटरनेट मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की भी जांच कर रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, महादेव नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। ईडी का दावा है कि खंजन भारत में महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभाता था।

ईडी को यह भी संदेह है कि शेफाली बग्गा कथित तौर पर दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

फिलहाल ईडी की ओर से शेफाली बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

Scroll to Top