भारतीय रेलवे ने स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। अब दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले यात्री भी किराए पर बेडरोल प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा के संचालन के लिए रेलवे ने एक निजी कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका अनुबंध वर्ष 2031 तक रहेगा।
नई व्यवस्था के तहत स्लीपर कोच के यात्री अपनी जरूरत के अनुसार चादर और तकिया किराए पर ले सकेंगे। चादर के लिए 40 रुपये, तकिया के लिए 30 रुपये और दोनों साथ लेने पर 70 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
यह सुविधा ट्रेन संख्या 12853 (दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस) और 12854 (भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस) में उपलब्ध होगी। अब तक बेडरोल की सुविधा मुख्य रूप से एसी कोच के यात्रियों के लिए ही सीमित थी, लेकिन अब स्लीपर क्लास के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा के दौरान अधिक आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना है ताकि उन्हें यात्रा के दौरान चादर और तकिया साथ लेकर चलने की आवश्यकता न पड़े और सफर अधिक आरामदायक बन सके।



