बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की शराब और सामान जलकर राख

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर स्थित व्यापार विहार की सरकारी शराब दुकान में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ हाईकोर्ट परिसर में तैनात एक अतिरिक्त दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जिला अग्निशमन अधिकारी दीपांशु नाथ के अनुसार, रात करीब 2:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

इस हादसे में दुकान में रखा शराब का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। समय रहते आग को आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त नवनीत तिवारी ने बताया कि दुकान में 80 से 90 ब्रांड की शराब का स्टॉक मौजूद था। फिलहाल स्टाफ स्टॉक का मिलान कर नुकसान का आकलन कर रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

गौरतलब है कि व्यापार विहार क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले माल धक्का इलाके में भी दो बार आग लग चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Scroll to Top