रायपुर यातायात पुलिस ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शनिवार रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर हुई सघन जांच में 27 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) स्नेहिल साहू के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अभियान चलाया गया। आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से जांच के दौरान 14 कार, 9 पिकअप, 3 दोपहिया और 1 ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 3,780 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।
यातायात पुलिस का कहना है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी कारण ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात एवं प्रोटोकॉल की पुलिस उपायुक्त Dr. Archana Jha ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। यदि शराब का सेवन किया हो तो सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के किसी सदस्य की सहायता लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।