महंगी बिजली के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 3 अगस्त को सीएम हाउस घेराव का ऐलान

छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पार्टी 1 अगस्त से 3 अगस्त तक चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। पार्टी अब इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में लोगों के बीच जाएगी और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगी।

आंदोलन के पहले चरण में 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान बढ़े हुए बिजली बिल, महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को उठाया जाएगा।

इसके बाद 2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे और उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन एकत्र करेंगे। पार्टी इन आवेदनों के माध्यम से सरकार से बिजली दरों में राहत और व्यवस्था की समीक्षा की मांग करेगी।

आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम बिजली उपभोक्ता शामिल होंगे।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस महंगी बिजली और बढ़ते बिलों के खिलाफ जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली दरों और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Scroll to Top