रायपुर BSUP कॉलोनियों में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 350 घरों की जांच में 8 संदिग्ध मिले

रायपुर में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार सुबह BSUP कॉलोनियों में बड़ा सत्यापन अभियान चलाया। तड़के करीब 4:30 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में लाभांडी, BSUP तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा इलाके के लगभग 350 मकानों की जांच की गई।

पुलिस की टीमों ने घर-घर जाकर किरायेदारों और बाहरी लोगों की जानकारी जुटाई। अभियान के दौरान 8 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इनमें एक ऐसा आरोपी भी शामिल है, जो मारपीट के मामले में पिछले 8 महीने से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में तेलीबांधा थाना पुलिस और पुलिस लाइन के 80 से ज्यादा अधिकारी और जवान शामिल रहे।

जांच के दौरान पुलिस ने बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदारों और ऐसे लोगों को घर देने वाले मकान मालिकों की जानकारी भी दर्ज की। संदिग्ध पाए गए लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को ‘समाधान’ मोबाइल ऐप की जानकारी दी और सभी किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील की। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस थाना या डायल-112 पर देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Scroll to Top