अंबिकापुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के दौरान युवाओं द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है। 23 जनवरी की शाम बघेल भागवत कार्यक्रम में शामिल होने अंबिकापुर पहुंचे थे। उनका स्वागत करने के लिए लगभग 15 गाड़ियों का काफिला शहर के गांधी चौक पर आया।
स्वागत समारोह के बाद युवाओं ने शहर में वाहन स्टंट शुरू कर दिया। कई युवकों ने गाड़ियों में लटककर तेज गति से रोड पर हंगामा मचाया और मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। स्थानीय लोगों ने यह वीडियो पुलिस के साथ साझा किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

सरगुजा पुलिस ने आठ वाहनों को जब्त कर लिया है। जब्त किए गए वाहनों में इनोवा, स्कॉर्पियो और अर्टिगा शामिल हैं। वाहनों के चालकों के खिलाफ BNS की धारा 125, 281, 285, 3 (5) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द करने की कार्रवाई कर रही है। बाकी वाहनों की तलाश अभी जारी है।
रैली में करीब 80 से अधिक युवा शामिल थे, जिनमें से एक दर्जन युवकों ने वाहनों से लटककर खतरनाक स्टंट किए। सरगजा SSP राजेश अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम सरगांव के द पैलेस रिसॉर्ट में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के आयोजन के तहत हुआ था। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष गुरप्रीत सिंघ बाबरा भी मौजूद थे।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि ऐसे खतरनाक स्टंट न करें और कानून का पालन करें, ताकि शहर में सुरक्षा बनी रहे।



