भिलाई सिसकोल प्लांट में क्रेन हादसा, मजदूर की मौत

दुर्ग जिले के भिलाई में शनिवार सुबह सिसकोल कंपनी के प्लांट में एक दुखद हादसा सामने आया। हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में क्रेन ऑपरेशन के दौरान भारी लोहे का प्लेट मजदूर के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लेखूराम कौशल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, लेखूराम कौशल अपनी नियमित ड्यूटी पर कार्यरत थे और ओवरहेड क्रेन की मदद से भारी लोहे के प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांसफर कर रहे थे। हादसे के समय वह क्रेन खुद ही ऑपरेट कर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण प्लेट स्लिप हो गए और सीधे उनके ऊपर गिर पड़े। प्लेट का अत्यधिक वजन होने के कारण लेखूराम को गंभीर चोटें आईं और वह घटनास्थल पर ही जीवन की जंग हार गए।

हादसे की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना और पुरानी भिलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही या तकनीकी खामी के कारण यह दुर्घटना हुई।

प्लांट में अचानक हुई यह घटना अफरा-तफरी का कारण बनी। कर्मचारी हादसे से सदमे में हैं और पूरे प्लांट में शोक का माहौल है। पुलिस और कंपनी प्रशासन मिलकर मामले की पूरी जांच कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और क्रेन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी है।

Scroll to Top