रायपुर/नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यह बैठक संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 तथा संघ राज्य क्षेत्र (संशोधन) विधेयक, 2025 के अध्ययन दौरे के तहत आयोजित की गई थी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बैठक के दौरान गृह मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विधेयकों के प्रावधानों और उनके प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने अपने सुझाव और विचार भी समिति के समक्ष रखे।
बैठक में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLUs), बार एसोसिएशन, न्यायिक अकादमी, नीति अनुसंधान संस्थानों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया गया। विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों की राय और सुझावों को भी समिति ने गंभीरता से सुना।
बैठक में समिति की अध्यक्ष सांसद अपराजिता सारंगी सहित सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, बृजलाल, मनन कुमार मिश्रा, उज्ज्वल देवराव निकम, असदुद्दीन ओवैसी तथा अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विधायी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस तरह की चर्चाएं महत्वपूर्ण हैं।