रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें

रायपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। घटना के बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई, जिसके चलते एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी आवश्यक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) पूरे किए गए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान को उसके अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

बर्ड हिट की घटना के कारण रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइटें लगभग दो घंटे की देरी से संचालित हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, हालांकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अधिकारियों ने सभी जरूरी जांच पूरी की।

गौरतलब है कि दो महीने पहले भी रायपुर एयरपोर्ट पर एक बंदर रनवे पर पहुंच गया था। उस समय लखनऊ से आ रही इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते रनवे खाली कराकर बड़ा हादसा टाल दिया गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार, दुनिया भर में हर दिन औसतन 34 बर्ड हिट की घटनाएं दर्ज होती हैं। हालांकि अधिकांश मामलों में विमान को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचता, लेकिन सुरक्षा कारणों से हर घटना की गंभीरता से जांच की जाती है।

एयरपोर्ट प्रशासन पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए स्पीकर सिस्टम, लेजर गन और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग करता है ताकि विमान संचालन सुरक्षित बना रहे।

Scroll to Top