कोरिया में रेत कारोबार विवाद बना खूनी संघर्ष: भाजपा नेता समेत 3 की मौत, फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाने का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित रूप से जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस हमले में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, रेत घाट के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार को आगे और पीछे हाईवा वाहन लगाकर रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

घटना के दौरान कार में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह और अन्य लोग सवार थे। भरत सिंह आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद उन पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया।

हमले में विरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके गले पर फरसे से वार किया गया था। इलाज के दौरान अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था और इसी तनाव के चलते यह हिंसक घटना सामने आई।

Scroll to Top