उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे रायपुर स्थित AIIMS के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएं। एयरपोर्ट से AIIMS तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और एंट्री-एग्जिट प्लान को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और AIIMS में रिसेप्शन से जुड़ी प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को भी कहा गया है।
मेडिकल इमरजेंसी की भी रहेगी व्यवस्था
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए गृह विभाग को सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ठहरने की व्यवस्था, बिजली और प्रकाश व्यवस्था के साथ मेडिकल सुविधाएं और किसी भी आपात स्थिति के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कार्यक्रम स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी शुरुआत
AIIMS के दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ होगी।
बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, रायपुर IG और AIIMS के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



