रायपुर: NIT के पास 7 संस्थानों पर नगर निगम की कार्रवाई, गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर ₹50 हजार का जुर्माना

रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक-7 ने स्वच्छता संबंधी मिली जनशिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनआईटी के आसपास स्थित सात संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगहों पर गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-7 की जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही।

निरीक्षण में प्राप्त जनशिकायत सही पाए जाने के बाद सातों संस्थानों के संचालकों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही नगर निगम ने सभी संस्थानों पर कुल 50 हजार रुपये का ई-चालान जारी किया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें।

Scroll to Top