कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो तहसीलदारों को कुछ युवकों ने बुरी तरह पीट दिया। जानकारी के अनुसार हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानू और दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा ब्यूटी पार्लर में मसाज कराने गए थे। तभी उनके ड्राइवर और कुछ नशे में युवकों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद तहसीलदारों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने आक्रामक होकर दोनों को पिट दिया। इस हमले में तहसीलदारों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी शर्ट खून से लाल हो गई। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 4 युवकों को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी शामिल हैं। मुख्य आरोपी हितेश सारथी पहले से ही आदतन अपराधियों की सूची में है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि बाकि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और FIR दर्ज कर दी गई है।



