ऑपरेशन साइबर शील्ड में बड़ी सफलता: मुंबई-पुणे से दो साइबर ठग गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत दो बड़े साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी देशभर में ऑनलाइन ठगी की घटनाओं में शामिल थे और उन्हें महाराष्ट्र के पुणे और मुंबई से पकड़ा गया।

ठगों ने फिक्स्ड डिपॉजिट और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर बैंक मैनेजर और छात्रों से लाखों रुपए ठगने की वारदात को अंजाम दिया। रायपुर साइबर रेंज की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की और रेड कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पहली वारदात:
रायपुर के SBI शाखा रामसागरपारा के मैनेजर आशुतोष कुमार से फिक्स्ड डिपॉजिट का झांसा देकर 17.82 लाख रुपए की ठगी की गई थी। यूपी के कुशीनगर के निवासी सरफराज अंसारी (20) वारदात के बाद पुणे भाग गया था। पुलिस ने उसे पकड़कर पीड़ित को ठगी की पूरी राशि वापस दिलाई।

दूसरी वारदात:
रायपुर के देवेश साहू से ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के बहाने 16 लाख रुपए की ठगी की गई थी। महाराष्ट्र के उल्हासनगर के निवासी मयूर जोशी (29) अपने सहयोगियों के साथ इस वारदात में शामिल था। आरोपी टेलीग्राम और गूगल रिव्यू टास्क के जरिए पहले कुछ राशि का भुगतान करके भरोसा जीतता और फिर बड़ी रकम लेकर फरार हो जाता था।

रायपुर साइबर रेंज के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में बड़ी सफलता है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Scroll to Top