रायपुर में गांजा तस्करी के साथ वन्यजीव तस्करी का खुलासा: स्कूटी की डिक्की से मिले 2 गोह, 5 किलो गांजा और 1.27 लाख नकद
रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से न सिर्फ अवैध गांजा बल्कि संरक्षित वन्यजीव मॉनिटर लिजर्ड (गोह) भी बरामद किए गए हैं। आरोपी के कब्जे से 5 किलो गांजा, 2 जीवित गोह और 1 लाख 27 हजार 260 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी हरीश साहू के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से गांजा लेकर आरंग इलाके में सप्लाई करने आ रहा है। सूचना के आधार पर इंदिरा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से गांजा, नकदी और स्कूटी की डिक्की में रखे दो संरक्षित वन्यजीव बरामद हुए।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा, कैश और स्कूटी जब्त कर ली। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हुकूमत साहू (उम्र 37 वर्ष), निवासी तेलीबांधा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से हत्या, मारपीट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। बरामद दोनों गोह को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।
क्या है मॉनिटर लिजर्ड (गोह)?
मॉनिटर लिजर्ड, जिसे आमतौर पर गोह कहा जाता है, एक बड़ा सरीसृप होता है जो खेतों और खुले इलाकों में पाया जाता है। यह तेज दौड़ने, पेड़ों पर चढ़ने और तैरने में सक्षम होता है। चूहे, कीड़े-मकोड़े और छोटे जीव इसका भोजन होते हैं। यह दिखने में बड़ी छिपकली जैसा होता है, जिसकी पकड़ काफी मजबूत होती है।
विशेषज्ञों के अनुसार गोह को लेकर यह भ्रांति है कि वह जहरीली होती है, जबकि वास्तव में उसमें किसी प्रकार का जहर नहीं होता और वह इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाती।
मॉनिटर लिजर्ड वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में शामिल है। इसके शिकार, खरीद-बिक्री या किसी भी अंग को रखना कानूनन गंभीर अपराध है। यह प्रजाति CITES की एपेंडिक्स-1 सूची में भी दर्ज है, जिसके तहत इसका अंतरराष्ट्रीय व्यापार पूरी तरह प्रतिबंधित है।



