रायपुर। राजधानी के बिरगांव क्षेत्र में 25 मई की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ स्थानीय निवासी लव साहू पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। यह हमला भनपुरी और बिरगांव के दो युवकों ने आपसी रंजिश के चलते किया। पीड़ित लव साहू को गंभीर हालत में NKD अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रेहान खान (पिता अब्दुल रियाज खान, उम्र 21 वर्ष, निवासी बाजार चौक, भनपुरी, थाना खमतराई) और जुबेर अली उर्फ लक्की अली (पिता स्व. जाकिर अली, उम्र 25 वर्ष, निवासी गाजीनगर, थाना उरला) के खिलाफ क्रमशः अपराध क्रमांक 102/25 एवं 103/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(3), 109(1), 25, 27 एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उरला थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ़्तार कर लिया। उन्हें गैर-जमानती धाराओं में जेल भेज दिया गया है। इस कड़ी कार्रवाई के तहत दोनों आरोपियों का जुलूस बिरगांव की सड़कों पर निकाला गया, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद लव साहू को रात 2:20 मिनट पर NKD अस्पताल लाया गया। डॉक्टर रतन नाग ने न्यूज़22 भारत से बातचीत में बताया कि लव साहू के शरीर पर 4-5 गंभीर घाव हैं और पेट की आँतें बाहर आ गई थीं। उन्हें 72 घंटे के लिए ICU में रखा गया है और उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
बिरगांव ही नहीं, पूरे रायपुर में लगातार चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



