दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में हुए आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने फरार महिला आरोपी सोनिया गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इससे पहले इस मामले में आरोपी कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार मृतक मोहन रामटेके (42) को लगातार पैसों की मांग और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। तनाव और दबाव के चलते मोहन ने 28 मार्च 2026 को अपने घर में आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहन से 1 लाख रुपए की मांग कर रहे थे और बार-बार उसके घर जाकर या फोन के माध्यम से उसे परेशान कर रहे थे। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें दोनों आरोपी – राजू पाल और सोनिया गोस्वामी – के नाम लिखे थे।
6 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि सोनिया गोस्वामी अपने गांव जेवरासिरसा में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।



